गोंडा ने तोड़ दिया आंध्रप्रदेश का रिकार्ड

गोंडा ने तोड़ दिया आंध्रप्रदेश का रिकार्ड

शौचालय बनाने की मुहिम में इतिहास रचने वाले गोंडा जिले ने तय समय में सबसे ज्यादा शौचालय बनाने का रिकार्ड भी अपने नाम कर लिया है। मिशन 32 के तहत 120 घंटे में 32065 शौचालय बनाकर आंध्रप्रदेश द्वारा एक साल पहले बनाए गए रिकार्ड को तोड़ दिया है।

मिशन 32 को लेकर जिला प्रशासन ने स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत तय अवधि में हर ब्लॉक में दो हजार शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके तहत जिले के 16 ब्लॉकों में 32 हजार शौचालय बनाने के लिए 26 मार्च से निर्माण शुरू किया गया। शनिवार को अभियान के समाप्ति पर 120 घंटे में 32065 शौचालय बनाने का दावा किया गया है। ये आंकड़ा सबसे तेजी से शौचालय बनाने वाले जिलों में सबसे ऊपर है। सरकारी सूत्रों की मानें तो इससे पहले मार्च 2017 में आंध्रप्रदेश के विजय नगर जिले में 100 घंटे में 20 हजार शौचालय बनवाए गए थे।

इससे पहले यहां बने तेजी से शौचालय

-सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो किसी जिले में एक निश्चित अवधि में सबसे ज्यादा शौचालय बनाने का रिकार्ड आंध्र प्रदेश के नाम है। यहां सिर्फ 100 घंटे में 20 हजार शौचालय वर्ष 2017 में बनाए गए थे। विजयनगर जिले के कलेक्टर विवेक यादव की अगुआई में ये मुहिम 10 से 14 मार्च तक चलाई गई थी। इसके अलावा झारखंड में 11 दिन में एक लाख, छत्तीसगढ़ के रायपुर में 10 दिन में दस हजार शौचालय व बिहार के गोपालगंज में 100 घंटे में 11244 यूनिट शौचालय का निर्माण कराया गया है।

-एक निश्चित अवधि में सबसे ज्यादा शौचालय बनाने का रिकार्ड आंध्रप्रदेश के विजयनगर जिले के नाम था। गोंडा ने मिशन 32 के तहत अब ये रिकार्ड तोड़ दिया है। यहां 120 घंटे में 32065 शौचालय बनवाए गए हैं। इस सफलता के लिए अधिकारी व कर्मचारी के साथ ही जनप्रतिनिधि भी बधाई के पात्र हैं।

 

Source: